
21 फरवरी को चौंसठ योगिनी हनुमान मंदिर में विराट भजन संध्या,अक्षरा सिंह होंगी शामिल
सुल्तानपुर। इसौली विधानसभा क्षेत्र के भंडरा चंद्रकला स्थित चौंसठ योगिनी हनुमान मंदिर के 8वें स्थापना दिवस पर 21 फरवरी दिन शनिवार को भव्य हनुमत महोत्सव के तहत विराट भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।भोजपुरी अभिनेत्री व गायिका अक्षरा सिंह भजन संध्या में मुख्य आकर्षण रहेंगी। उनके साथ अन्य कलाकार भी भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।आयोजन का संयोजन भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय कर रही हैं।उन्होंने अपने चंद्रकला स्थित आवास पर क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अंगवस्त्र भेंट कर आमंत्रण दिया। आज से श्रीरामचरितमानस पाठ के साथ तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। आयोजन समिति के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए भंडारा,सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जा रही है। भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।