
सीतापुर जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मंगलवार को विकास खण्डों के माध्यम से संचालित कार्यक्रम एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी खण्ड विकास अधिकारी नियमित रूप से गांवों में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। निर्माण कार्यों में कोई कमी पाये जाने पर तत्काल कमियों को ठीक कराते हुये आवश्यक कार्यवाही की जाये। सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हों तथा निर्धारित समयावधि में पूर्ण हों, यह सुनिश्चित किया जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों में भ्रमण के दौरान सभी खण्ड विकास अधिकारी शासन द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की अवश्य समीक्षा करें। सभी पात्र लाभार्थीपरक योजनाओं से अवश्य लाभान्वित हों, यह सुनिश्चित किया जाये। जनता की शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।
महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रभावी संचालन के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों को सशक्त किया जाये। इनके उत्पादों को विक्रय हेतु समुचित प्रबंध किया जाये। दरी उत्पाद से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत भी लाभान्वित किया जाये। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित समस्त अभिलेखों को अद्यतन रखा जाये तथा डाटा फीडिंग का कार्य समय से कराया जाये। खराब प्रगति वाले बी0एम0एम0 को सुधार के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी खण्ड विकास अधिकारी विकास खण्ड कार्यालयों के समस्त अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखनें हेतु प्रभावी कार्यवाही करें। ग्राम पंचायत सचिवालयों में निर्माण कार्यों एवं योजनाओं संबंधित अभिलेख भी संबंधित ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा भी अद्यतन किये जायें। सभी खण्ड विकास अधिकारी नियमित रूप से इनका अवलोकन भी करें।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।