
महमूदाबाद का गौरव बढ़ाया: बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज के दो छात्र प्रदेश की मेरिट सूची में शामिल
अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर |
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा शुक्रवार दोपहर 12 बजे हाई स्कूल परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें महमूदाबाद क्षेत्र की अग्रणी शिक्षा संस्था प्रकाश इंटर कॉलेज की शाखा बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, बिलौली बाजार के छात्रों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है।
इस कॉलेज के होनहार छात्र अर्पित वर्मा ने 97.50% अंक प्राप्त कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवम यादव ने 96.83% अंकों के साथ सातवाँ स्थान हासिल किया।
अर्पित वर्मा, नरेंद्र सिंह वर्मा (निवासी गेदरापुर कंचनपुर) के पुत्र हैं, वहीं शिवम यादव, अवधराम यादव (निवासी भगवंतपुर रेवाली) के पुत्र हैं।
छात्रों की इस शानदार सफलता पर संस्था के प्रबंधक ओम प्रकाश वर्मा, प्रधानाचार्य अरुण वर्मा, शशि सिंह, पुष्कर वर्मा, देव शरण वर्मा, कमल वर्मा व जयकरन सिंह सहित पूरे कॉलेज परिवार ने मिठाई खिलाकर छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई दी।
*क्षेत्रीय स्तर पर बधाईयों का तांता*
कॉलेज के छात्रों द्वारा प्रदेश स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त करने पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बधाई प्रेषित की। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिजवी, स्थानीय विधायक श्रीमती आशा मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता, चंद्रभूषण शुक्ला, समाजसेवी नीरज जैन, अम्बरीष गुप्ता, अतुल वर्मा, डॉ. अनिरुद्ध वर्मा, डॉ. प्रतीक सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने कॉलेज परिवार को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की यह उपलब्धि न केवल महमूदाबाद बल्कि पूरे सीतापुर जनपद के लिए गौरव का विषय है।