विधानसभा खेरागढ़ के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन सम्पन्न

विधानसभा खेरागढ़ के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन सम्पन्न

विष्णु सिकरवार
आगरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर खेरागढ़ विधानसभा के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन सोमवार को बड़े ही भव्य और गरिमामयी माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल पार्टी की जड़ों को और मज़बूत करने का माध्यम बना, बल्कि आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों का आकलन करने और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का भी अवसर साबित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मंचासीन नेताओं का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश रावत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष वृंदावनलाल गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार है, एक संस्कार है और सेवा का संकल्प है। जो कार्यकर्ता इस विचारधारा के साथ जुड़ता है, वह जीवनभर राष्ट्रसेवा में लगा रहता है। रावत ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक परिवार तक भाजपा की नीति, नीयत और नतीजे की गाथा पहुंचाएं।
पूर्व जिलाध्यक्ष वृंदावनलाल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय सदस्य सिर्फ नाम के लिए नहीं, बल्कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। यह वही कार्यकर्ता हैं जो रात-दिन मेहनत कर पार्टी को चुनाव में विजय दिलाते हैं। गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया कि वे न सिर्फ सोशल मीडिया के माध्यम से, बल्कि व्यक्तिगत संपर्क से भी लोगों को जोड़ने का काम करें। उन्होंने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज गरीबों को घर, गैस, शौचालय, बिजली और स्वास्थ्य सुविधा सहजता से मिल रही है।
विधायक भगवान सिंह कुशवाह ने कहा कि भाजपा ने जो कहा, वह करके दिखाया। राम मंदिर निर्माण से लेकर धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर कानून, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन – हर वादा निभाया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विकास की इस गाथा को जन-जन तक लेकर जाएं और इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाएं।
पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सबसे अनुशासित और समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है तो इसके पीछे करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन है। कार्यकर्ता ही विचारधारा को समाज तक ले जाते हैं और बदलाव लाते हैं। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने, बूथ स्तर पर नियमित बैठकें करने और जन संवाद को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश गोयल और देवेंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक दिनेश गोयल रहे। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विष्णु सिकरवार भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने का संकल्प लिया। सम्मेलन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया और संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुटता का संदेश दिया।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें