
नई दिल्ली- देश के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज गुरुवार को 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन प्रतिनिधिमण्डल को संबोधित किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी उसकी सांस्कृतिक विरासत है, इन सबमें भाषा सबसे प्रामाणिक स्तंभ है। करीब 1200-1300 वर्ष पहले जब सब कुछ उत्थान पर था, सब ठीक चल रहा था। दुनिया हमारी ओर देख रही थी, हम ज्ञान के भंडार थे। नालंदा, तक्षशिला जैसी संस्थाएं हमारे हाथ थीं, फिर आक्रमणकारी आए, वे हमारी भाषा, संस्कृति, और धार्मिक स्थानों के लिए बहुत दमनकारी एवं क्रूर थे।
उस समय बर्बरता और प्रतिहिंसा अपने चरम सीमा पर थी। आक्रान्ताओं ने हमारी भाषाओं को कुंठित कर दिया। उप-राष्ट्रपति ने कहा कि, भाषा साहित्य से परे है, क्योंकि वह साहित्य समसामयिक परिदृश्य, तत्कालीन परिदृश्य, तत्कालीन चुनौतियों को परिभाषित करता है। यह ज्ञान और बुद्धिमत्ता पर भी ध्यान देता है। मातृभाषा के महत्व पर ध्यान आकर्षित करते हुए उन्होंने कहा कि, हाल के वर्षों में भाषा पर काफी जोर दिया जा रहा है। 3 दशक बाद एक बहुत अच्छा प्रयास किया गया। बदलाव किया गया, बदलाव की प्रमुखता है ‘मातृभाषा’। जिस भाषा को बच्चे सबसे पहले समझते हैं।
जिस भाषा में विचार आते हैं। वैज्ञानिक परिस्थितियां भी यह इंगित करती हैं कि जैविक क्या है? जो व्यवस्थित रूप से विकसित होता है वह सुखदायक और स्थायी होता है साथ ही सभी के कल्याण के लिए होता है। मराठी भाषा को भारत सरकार द्वारा शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिए जाने पर अपनी प्रसन्नता प्रकट करते हुए उप-राष्ट्रपति ने मराठा स्वराज्य और शिवाजी को याद करते हुए कहा कि यदि गौरव को परिभाषित किया जाए तो वह मराठा गौरव है। भारत के संविधान के भाग-15 में, जहां चुनाव की चर्चा की गई है, वहां किसका चित्र है? शिवाजी महाराज का। कभी नहीं झुके, इसीलिए संविधान निर्माताओं ने सोच समझकर, दूरदर्शिता दिखाते हुए, चुनाव वाले मामले में शिवाजी महाराज का चित्र रखा है।
यह भी पढ़ें:- इंस्टाग्राम के चक्कर में टूटी लड़की की शादी, दूल्हे ने शादी से किया इनकार, जानिए क्या है? पूरा मामला!