विष्णु सिकरवार
आगरा। किरावली तहसील क्षेत्र थाना अछनेरा में भाई की ससुराल में आए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठीं सालियां घायल हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जबकि सालियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगरा जनपद के थाना अछनेरा के गांव कचौरा निवासी 25 वर्षीय महेश पुत्र प्रेम सिंह मंगलवार को बड़े भाई राजेंद्र सिंह की ससुराल थाना टूंडला क्षेत्र के गांव जरौली कलां में आया था। यहां से वह साली नीरू पुत्री सोभराज सिंह और सलोनी पुत्री महेंद्र सिंह को बाइक पर बिठाकर गांव उसायनी स्थित माता वैष्णों देवी मंदिर पर माता के दर्शन करने आ रहा था। तभी राजा का ताल स्थित रत्ना सागर होटल के सामने तेज रफ्तार से आ रहे लोडर टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महेश, नीरू और सलोनी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान महेश की मौत हो गई जबकि नीरू और सलोनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के भाई भूपेंद्र सिंह पुत्र प्रेम सिंह जाटव ने अज्ञात टेंपो चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार का कहना है कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है जबकि दो युवतियां घायल हुई हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर पर अज्ञात आटो चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।