
- अम्बेडकरनगर में 67,119 परीक्षार्थी देंगे यूपी बोर्ड परीक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं का बदलेगा प्रारूप
QR कोड से होगी कॉपियों की पहचान, हाईस्कूल में 35,984 और इंटरमीडिएट में 31,135 विद्यार्थी पंजीकृत
नैमिष टुडे ब्यूरो
अम्बेडकरनगर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार परीक्षार्थियों को नए प्रारूप की उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी। कॉपियों पर अब दो के बजाय केवल एक मुख्य कवर पेज होगा। इसी पृष्ठ पर परीक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियों के साथ परीक्षक द्वारा दिए गए अंकों का विवरण दर्ज किया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं के रंग अलग-अलग होंगे और उन पर QR कोड भी अंकित रहेगा। इस व्यवस्था से कॉपियों की पहचान आसान बनाने और उत्तर पुस्तिका बदलने जैसी अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जिले में इस बार 369 माध्यमिक विद्यालयों के कुल 67,119 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 35,984 और इंटरमीडिएट के 31,135 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए शिक्षा विभाग ने परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया भी चल रही है।
*पिछले वर्ष बने थे 114 परीक्षा केंद्र*
पिछले वर्ष अम्बेडकरनगर में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 114 केंद्र बनाए गए थे, जहां कुल 71,398 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार भी परीक्षा केंद्रों की संख्या लगभग इतनी ही रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, केंद्रों की अंतिम संख्या विद्यालयों की उपलब्धता, परीक्षार्थियों की संख्या और बोर्ड के निर्धारित मानकों के आधार पर तय होगी।
पांच फरवरी से प्रस्तावित है परीक्षा
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, वर्ष 2027 की यूपी बोर्ड परीक्षा पांच फरवरी से प्रस्तावित है। परीक्षा की तारीख को देखते हुए केंद्र निर्धारण, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. कौस्तुभ सिंह ने बताया कि बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी कराई जाएंगी।