
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को दिलाई सत्य और सेवा की शपथ
सीतापुर /सीतापुर मे 02.10.2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के द्वित्तीय प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गयी । रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल महोदय एवम् अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर श्री विनय कुमार यादव द्वारा दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों का स्मरण कर उन्हें राष्ट्रीय सलामी दी गयी एवम् सामूहिक राष्ट्रगान के उपरांत रामधुन का सामूहिक गान किया गया। तदोपरांत महोदय द्वारा उपस्थित समस्त पुलिस कर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवम् सुरक्षा की शपथ दिलायी। उपस्थित समस्त पुलिस कर्मियों को इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने संबोधन में कहा, “महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के बल पर स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणा बने। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के साथ देश की सेवा की और सादगीपूर्ण जीवन के माध्यम से नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया ।” पुलिस अधीक्षक महोदय ने पुलिस कर्मियों से अपील की कि वे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों का पालन करें। उन्होंने कहा, “इन महान नेताओं के आदर्श हमारे लिए आज भी प्रासंगिक हैं । पुलिसकर्मियों को भी सत्यनिष्ठा, अनुशासन, और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। साथ ही दोनों महापुरुषों द्वारा संस्थापित किए गए मानवीय आदर्शों एवं राष्ट्र प्रथम की भावना का स्वयं के अन्तर्मन एवं कार्यस्थल पर उतारने को कहा गया। महोदय द्वारा समस्त स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करते हुए उपहार भेंट किये गये। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अपराध/यातायात श्री धर्मेंद्र कुमार यादव व प्रतिसार निरीक्षक श्री शिवबालक वर्मा एवम् अन्य समस्त पुलिसकर्मियो द्वारा उपस्थित रहकर महापुरुषों को नमन किया गया। साथ ही इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सभी थानों व चौकियों में पुलिसकर्मियों द्वारा दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।