
योगी ने बापू को दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा के पास बैठकर सुने भजन
नैमिष टुडे ब्यूरो, लखनऊ
लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हजरतगंज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिमा के पास बैठकर भजन भी सुने। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को स्वदेशी और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
इस अवसर पर गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री ने कुछ समय बैठकर भजन सुने।