
—
बाराबंकी : घाघरा का तांडव जारी, तेज कटान से दहशत में ग्रामीण, आस्था पर भी संकट
रामनगर, बाराबंकी रामनगर तहसील क्षेत्र में घाघरा नदी का कटान एक बार फिर तेज हो गया है। नदी अपने रौद्र रूप में है। तेज बहाव के कारण नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार नदी के कटान की चपेट में अब तक करीब 100 साल पुरानी मस्जिद और कई छोटे मंदिर आ चुके हैं और नदी में समा चुके हैं। अब स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बाबा नारायण दास मंदिर भी कटान की जद में आ गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी चिंता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 8 दिन पहले कटान की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। उस समय यदि बचाव कार्य में तेजी लाई जाती तो स्थिति को संभाला जा सकता था। लेकिन कार्य धीमा होने और अब लगातार बारिश व जलस्तर बढ़ने से नदी का बहाव अचानक तेज हो गया है और कटान ने भयावह रूप ले लिया है।
कई परिवारों के घर कटान के मुहाने पर पहुंच गए हैं। मंदिर के किनारे दुकान लगाकर रोजगार करने वाले दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण अपनी जमीन, घर और आस्था को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मौके पर पहुंची हमारी टीम ने स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि बचाव कार्य जारी है और कटान रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाबा नारायण दास मंदिर और गांवों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य तेज किया जाए।