
दिव्यांग महिला से मारपीट और लज्जा भंग का आरोप, केस दर्ज
कुंडा/प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के जयचंदपुर गांव निवासी एक दिव्यांग महिला ने अपने जेठ व जेठानी पर मारपीट, अभद्र हरकत और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।तहरीर के अनुसार, 25 अगस्त की रात करीब आठ बजे महिला घर के बाहर बर्तन धो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके जेठ शिवराज पटेल और जेठानी भुईला देवी लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। महिला ने जेठ पर अभद्र हरकत कर लज्जा भंग करने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक, वह किसी तरह घर में पहुंची और दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। महिला ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए।महिला की तहरीर पर संग्रामगढ़ पुलिस ने 26 सितंबर को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच एसआई मुन्ना सिंह यादव को सौंपी गई है।