
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं विधायक आशा मौर्या, एसडीएम के साथ लिया जायजा
महमूदाबाद, सीतापुर। महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या ने उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रदर्शी के साथ क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विधायक और एसडीएम ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
विधायक आशा मौर्या ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि बाढ़ और जलभराव के कारण जिन किसानों की फसलों एवं खेतों को नुकसान हुआ है, वे संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल से संपर्क कर नुकसान का सर्वे अवश्य कराएं। इससे फसल एवं कृषि क्षति का समय से आकलन हो सकेगा और प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में महमूदाबाद के प्रत्येक परिवार के साथ खड़े हैं। सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा का संकल्प निरंतर जारी रहेगा।