
जेठवारा में घर में चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार
सोने-चांदी के आभूषण, ₹81,200 नकद और वारदात में प्रयुक्त वैगनआर बरामद
कुंडा/प्रतापगढ़। जेठवारा थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, ₹81,200 नकद, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को डेरवा नगर पंचायत के गुदड़ी मोहल्ला निवासी हरिओम ज्वैलर्स संचालक परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान घर की दूसरी मंजिल पर लगे रोशनदान की जाली तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखे आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। मामले में 22 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर उदय कौशल निवासी गुदड़ी मोहल्ला डेरवा और अंकित कौशल निवासी गुदड़ी मोहल्ला डेरवा को बरईपुर नहर पुलिया के पास गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उदय ने अपने भाई के घर में अंकित के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।आरोपियों की निशानदेही पर सफेद रंग की वैगनआर कार से सोने-चांदी के कई आभूषण, आभूषणों के डिब्बे व ‘हरिओम ज्वैलर्स’ लिखे बैग बरामद किए गए। बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, मांग टीका, चूड़ियां, कड़े, चेन, नाक की कील समेत अन्य आभूषण तथा चांदी की बिछिया, पायल, अंगूठियां और चेन शामिल हैं। इसके अलावा ₹81,200 नकद और इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा भी बरामद हुआ।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी का माल बरामद होने के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय व क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार रघुवंशी के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में जेठवारा पुलिस और स्पेशल टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।