
केवाईसी के नाम पर 100 रुपये लेने का आरोप, गैस एजेंसी के खिलाफ शिकायत
कुंडा/प्रतापगढ़। मां अष्टभुजी इंडियन गैस एजेंसी कुंडा पर केवाईसी के नाम पर ग्राहकों से 100 रुपये लिए जाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि केवाईसी कराने के लिए एजेंसी पहुंचने वाले ग्राहकों से ऑनलाइन अथवा नकद भुगतान करने को कहा जा रहा है।ग्राहकों का आरोप है कि भुगतान नहीं करने पर केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि केवाईसी के लिए कोई शुल्क निर्धारित है या नहीं, इसकी भी स्पष्ट जानकारी ग्राहकों को नहीं दी जा रही है।मामले को लेकर ग्राहकों ने संबंधित विभाग और गैस कंपनी के अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है। साथ ही यदि केवाईसी के नाम पर कोई अनधिकृत शुल्क वसूला जा रहा है तो उसे बंद कराने की मांग की गई है। एजेंसी का पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।