अजगरा महोत्सव में कवियों के चयन पर उठे सवाल, प्रशासन से मांगा जवाब

अजगरा महोत्सव में कवियों के चयन पर उठे सवाल, प्रशासन से मांगा जवाब
जिले के कवियों ने चयन प्रक्रिया, मानदेय और पारदर्शिता को लेकर उठाए प्रश्न

प्रतापगढ़। अजगरा महोत्सव में काव्य पाठ के लिए कवियों के चयन को लेकर जिले के कुछ कवियों ने जिला प्रशासन की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। कवियों का आरोप है कि जिले के स्थानीय कवियों की अनदेखी कर बाहरी कवियों को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से कवियों के चयन के आधार, मानदेय और प्रक्रिया को सार्वजनिक करने की मांग की है।हंडौर गांव निवासी आकाशवाणी और दूरदर्शन सहित देश के विभिन्न मंचों पर काव्य पाठ कर चुके तथा 18 पुस्तकों के रचयिता डॉ. रणजीत सिंह और पतुलकी निवासी हास्य कवि प्रमोद कुमार दुबे ‘लंठ’ समेत अन्य कवियों ने जिला प्रशासन से कई सवाल किए हैं।कवियों का प्रश्न है कि किसी सरकारी महोत्सव में कवियों को आमंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा कौन से मानक निर्धारित किए जाते हैं? चयनित कवियों के चयन का आधार क्या होता है और उनके मानदेय का निर्धारण किस प्रक्रिया के तहत किया जाता है? उनका कहना है कि जिले में प्रतिभाशाली कवियों की कमी नहीं है, ऐसे में स्थानीय कवियों को भी समान अवसर मिलना चाहिए।कवियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब अजगरा महोत्सव में विभिन्न विषयों पर संवाद और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, तो क्या कवियों के चयन और मानदेय की प्रक्रिया को लेकर भी सार्वजनिक संवाद कराया जा सकता है।कवियों का आरोप है कि सरकारी महोत्सवों और कार्यक्रमों में कुछ कलाकारों व कवियों को बार-बार अवसर मिलने से अन्य प्रतिभाओं को मंच नहीं मिल पाता। उनका कहना है कि जिले में ऐसे अनेक कवि और कलाकार हैं जो विभिन्न संस्थाओं से पंजीकृत हैं तथा सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत करते हैं, लेकिन उन्हें सरकारी आयोजनों में अपेक्षित अवसर नहीं मिल रहा है।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि अजगरा महोत्सव में कवियों के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और स्थानीय प्रतिभाओं को भी उचित अवसर दिया जाए। साथ ही चयन और मानदेय से जुड़े सवालों पर प्रशासन की ओर से स्पष्ट जवाब दिया जाए।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें