छह महीने में धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल विधायक के निरीक्षण के बाद भी सड़क की हालत खराब, ओवरलोड वाहनों पर भी उठे सवाल

छह महीने में धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

विधायक के निरीक्षण के बाद भी सड़क की हालत खराब, ओवरलोड वाहनों पर भी उठे सवाल

कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज विधायक विनोद सरोज के निरीक्षण के करीब छह महीने बाद ही सराय स्वामी से माघी चैनगढ़, रायगढ़, महेशगंज बाजार होते हुए झींगुर-हरनाहर मार्ग से भगवान तिराहा, झींगुर तक जाने वाली सड़क कई स्थानों पर धंसने लगी है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में नाराजगी है और निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।रायगढ़ सर्विस रोड से घोसियाना के बीच भी सड़क धंसने और टूटने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को अभी अधिक समय नहीं बीता है, इसके बावजूद जगह-जगह धंसाव शुरू होना गंभीर विषय है।ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मार्ग पर लगातार संचालित हो रहे ओवरलोड ट्रक और डंपर भी सड़क की हालत खराब होने की एक वजह हो सकते हैं। उनका कहना है कि यदि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क को नुकसान पहुंच रहा है तो संबंधित विभागों को इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।वहीं, कम समय में सड़क के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण सामग्री, सड़क की मोटाई और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन की जांच की मांग भी उठ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने के बजाय सड़क की तकनीकी जांच कर वास्तविक कारण सामने लाया जाना चाहिए।ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराकर सड़क की गुणवत्ता की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि बाबागंज विधायक और संबंधित विभाग मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कराएंगे।
सड़क की तकनीकी जांच कराकर छह महीने में धंसने की वजह स्पष्ट की जाए और जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाए। “कम समय में सड़क का धंसना गंभीर मामला है। निष्पक्ष तकनीकी जांच से ही स्पष्ट होगा कि इसकी वजह निर्माण गुणवत्ता है या ओवरलोड वाहनों का दबाव। जांच के बाद जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।” — ग्रामीण

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें