मिश्रिख रेंज के दहेलरा गांव में बाघ के दो शावकों को देखे जाने की चर्चा से ग्रामीणों में भारी दहशत

मिश्रिख रेंज के दहेलरा गांव में बाघ के दो शावकों को देखे जाने की चर्चा से ग्रामीणों में भारी दहशत

नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ संदना सीतापुर
मिश्रिख रेंज के दहेलरा गांव में बाघ के दो शावकों को देखे जाने की चर्चा से ग्रामीणों में भारी दहशत है। हालांकि, वन विभाग ने अभी तक आधिकारिक तौर पर बाघ के शावकों की पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों का दावा है कि ये शावक पिछले कई दिनों से गांव और खेतों के आसपास लगातार घूम रहे हैं।

किसान अमित यादव ने बताया कि एक शावक पिछले दो दिनों से लगातार उनके खेत में लगे समर्सिबल पर पानी पीने आ रहा है। गुरुवार रात को जब ग्रामीणों की नजर इस शावक पर पड़ी, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। शोर और भीड़ को देखकर शावक वहां से भाग निकला।

*गुर्राने की आवाज सुन भागे किसान*

खेतों में काम करने वाले किसान कासिम अली ने अपना डर साझा करते हुए बताया कि अचानक खेत में किसी वन्यजीव के गुर्राने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वह बुरी तरह घबरा गए और तुरंत काम छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले।

*वन विभाग की टीम ने की कॉम्बिंग, तेंदुए की आशंका*

घटना की सूचना मिलते ही रेंजर सिकंदर सिंह के निर्देश पर वन दरोगा अनिल यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में कॉम्बिंग की। वन दरोगा अनिल यादव ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण मिट्टी गीली है, जिससे वन्यजीव के पदचिन्ह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। हालांकि, शुरुआती जांच में ये पदचिन्ह तेंदुए के शावकों से मिलते-जुलते लग रहे हैं। वन्यजीव की सटीक पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

वन विभाग ने एहतियात के तौर पर दहेलरा और आसपास के ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने की सख्त सलाह दी है। साथ ही, वन्यजीव दिखने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तुरंत वन विभाग को सूचित करने को कहा गया है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें