
यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2026 शुरू, प्रयागराज में कड़ा सुरक्षा पहरा
प्रयागराज। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2026 आज से देशभर में शुरू हो गई। परीक्षा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। प्रयागराज में भी परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल-मुक्त और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
शुक्रवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निबंध (Essay) का पेपर आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शेष प्रश्नपत्र दो सत्रों में होंगे।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।