
प्राथमिक विद्यालय के पास बदहाल सड़क और जलभराव से बच्चों का भविष्य खतरे में, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
सीतापुर/बिसवाँ। विकासखंड बिसवाँ के ग्राम अकबापुर (पोस्ट कैम्हारा), ग्राम पंचायत अशरफपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा है। सड़क पर स्थायी जलभराव रहने के कारण विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और गंदा पानी भरा रहने से छोटे-छोटे बच्चों को उसी पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। इससे बच्चों के कपड़े गंदे हो जाते हैं और डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है।
विद्यालय की दीवारों के आसपास भी घास-फूस और झाड़ियां उगी हुई हैं, जिनमें मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों, शिक्षकों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग, ग्राम पंचायत और प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा विद्यालय परिसर और आसपास की साफ-सफाई कराकर झाड़ियों को हटाया जाए। उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कब तक मासूम बच्चे गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर रहेंगे? प्रशासन को चाहिए कि तत्काल सड़क का निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करे।
स