
मूसलाधार बारिश के बीच बारों में राजा तक्षक पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब
कुंडा/प्रतापगढ़। विकास खंड बिहार के ग्राम सभा बारों में आयोजित पारंपरिक राजा तक्षक पूजा में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।श्रद्धालुओं ने राजा तक्षक को झालर, पुष्प, प्रसाद एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और जयकारों से गूंजता रहा।बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे, जिससे पूरे दिन मेले जैसा दृश्य बना रहा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं, जिसके चलते दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
राजा तक्षक पूजा में उमड़ी भारी भीड़ ने क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था और वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।