
सर्पदंश से युवक की मौत, गांव में शोक की लहर
कुंडा/प्रतापगढ़। विकास खंड बिहार के ग्राम गरीबपुर निवासी सचिन मौर्य (पुत्र बचई लाल मौर्य) की सर्पदंश के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।परिजनों के अनुसार सोमवार रात घर में सोते समय सचिन को सांप ने काट लिया। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल डेरवा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम पंचायत गरीबपुर के प्रधान दिलीप मौर्य ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सचिन मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी असमय मृत्यु से परिवार और गांव को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त एंटी-स्नेक वेनम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।