
बालिका इंटर कॉलेज में समाचार-पत्र वितरण, डॉ. अम्मार रिज़वी ने छात्राओं को बताया ज्ञान का महत्व
महमूदाबाद, सीतापुर
उत्तर प्रदेश सरकार की समाचार-पत्र वितरण योजना के तहत शुक्रवार को महमूदाबाद नगर स्थित बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को समाचार-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक डॉ. अम्मार रिज़वी ने छात्राओं को अपने कर-कमलों से समाचार-पत्र प्रदान किए और उन्हें नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अम्मार रिज़वी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि, समसामयिक ज्ञान और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि समाचार-पत्र केवल सूचनाओं का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक समझ को मजबूत करने का प्रभावी साधन हैं। नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने से विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ेगा, भाषा एवं अभिव्यक्ति क्षमता विकसित होगी तथा उन्हें देश-विदेश की महत्वपूर्ण घटनाओं, विज्ञान, शिक्षा, खेल, अर्थव्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों की अद्यतन जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में समसामयिक घटनाओं का ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। यह योजना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगी और विद्यार्थियों में पढ़ने तथा सीखने की नई प्रेरणा उत्पन्न करेगी।
विद्यालय परिवार ने डॉ. अम्मार रिज़वी का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना की। प्राचार्या एवं शिक्षकों ने कहा कि इस योजना से विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं शैक्षिक विकास को नई दिशा मिलेगी। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक समाचार-पत्र प्राप्त किए और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राचार्या पूनम मौर्या, शिक्षिका आशा, वसुंधरा कनोजिया, मौलाना आज़ाद इंस्टिट्यूट के कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, इरफ़ान मंसूरी, प्रमोद तिवारी सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।