एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह का थाना सिकरारा में औचक निरीक्षण, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

 

एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह का थाना सिकरारा में औचक निरीक्षण, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, ऑपरेशन वज्रपात की प्रगति जांची, आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

अरुण कुमार दुबे/ ब्यूरो चीफ/ जौनपुर

जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को थाना सिकरारा का औचक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा सीसीटीएनएस कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने सक्रिय एवं दुस्साहसी अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने तथा पात्र अपराधियों के खिलाफ गुण्डा एक्ट, जिला बदर एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें आपराधिक माफिया घोषित करने और उनके गैंग का डीसीआरबी में पंजीकरण कराकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

आगामी कांवड़ यात्रा एवं सावन पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाने पर नियुक्त प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हुए उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

ऑपरेशन वज्रपात के अंतर्गत मनबढ़ एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उनके अभिलेखीकरण, सोशल मीडिया अकाउंटों की सतत मॉनिटरिंग तथा आपत्तिजनक सामग्री वाले सोशल मीडिया अकाउंटों को टेकडाउन कराने की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की गई। इसके साथ ही ऐसे व्यक्तियों के परिजनों की काउंसलिंग कर उन्हें आपराधिक एवं अवांछनीय गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने, शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर/अपराध) श्री गोल्डी गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें