नगर पालिका मिश्रित नैमिषारण्य का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण 

नगर पालिका मिश्रित नैमिषारण्य का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने आज नगर पालिका परिषद मिश्रिख व नैमिषारण्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने विशेष रूप से हैंडपंपों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने हैंडपंपों की मरम्मत से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा यह जानकारी ली कि कितने हैंडपंप वर्तमान में क्रियाशील हैं । और कितने खराब पड़े हैं। निरीक्षण के दौरान हैंडपंप अभिलेखों में कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी (पटल सहायक) का वेतन रोकने के निर्देश दिए । साथ ही जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी से वार्डों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सफाई, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी की सफाई से संबंधित कोई भी अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर नाराजगी व्यक्त की तथा कड़े निर्देश दिए कि सभी अभिलेख/फाइलें अद्यतन एवं पूर्ण रूप से संधारित रखी जाएं।जिलाधिकारी ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में सभी स्ट्रीट लाइट पोलों का क्रमांक (नंबरिंग) अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि निगरानी एवं अनुरक्षण कार्य सुचारु रूप से हो सके। स्ट्रीट लाइट से संबंधित अभिलेख उपलब्ध न कराए जाने पर जिलाधिकारी ने पटल सहायक का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा अधिशासी अधिकारी को व्यवस्था में सक्रियता एवं रुचि के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के रजिस्टर का भी अवलोकन किया तथा कुछ आवेदकों से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर सेवाओं की स्थिति के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने मुख्य मंत्री जनसुनवाई पोर्टल की समीक्षा की। शिकायतें रजिस्टर में दर्ज न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित पटल सहायक का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
साथ ही जनसुनवाई रजिस्टर में शिकायतें दर्ज न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का भी अवलोकन किया। सेवा पुस्तिकाओं में अवकाश अंकित न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित पटल सहायक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा पुस्तिका के संधारण में रुचि न लेने पर अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों से संबंधित कक्ष में जाकर पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। पत्रावलियों में कमी पाए जाने पर संबंधित पटल सहायक का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा अभिलेखों/पत्रावलियों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने वाहनों के लॉगबुक का भी निरीक्षण किया। लॉगबुक में अधिशासी अधिकारी (ईओ) के हस्ताक्षर न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा ईओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त वंदन योजना के अंतर्गत नगर मिश्रिख स्टेशन से सीताकुंड धर्मशाला तक बनी सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता की जांच की तथा उसकी लंबाई-चौड़ाई का मापन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाए।
इस दौरान अतिरिक्त अधिकारियों ने नगर के विभिन्न वार्डों में जाकर स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाय।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें