
नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन” — मिशन शक्ति 5.0 का सशक्त संदेश
नैमिष टुडे /सवाददाता
एटा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद एटा में “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एटा पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमण किया। इस दौरान गांवों, कस्बों, मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, चौराहों, शिक्षण संस्थानों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं, बालिकाओं एवं महिलाओं से संवाद स्थापित किया गया।अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर—112 (आपात सेवा), 1090 (वुमेन पावर लाइन) और 181 (महिला हेल्पलाइन)—के प्रभावी उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव हेतु ‘साइबर सेफ्टी’ के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए गए और महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा एवं कार्यस्थल पर उत्पीड़न के विरुद्ध बने कानूनों की जानकारी भी दी गई।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पंपलेट वितरित कर जागरूकता संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के बीच सुरक्षा, विश्वास और आत्मनिर्भरता का माहौल स्थापित करना है, ताकि वे समाज में निर्भीक होकर आगे बढ़ सकें।