
महमूदाबाद में माँ संकटा देवी मंदिर का वार्षिक मेला 19 मार्च से 17 अप्रैल तक
अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर। क्षेत्र के प्रसिद्ध माँ संकटा देवी मंदिर में वर्ष 2026 का वार्षिक मेला 19 मार्च से 17 अप्रैल तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। यह मेला चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से प्रारम्भ होकर पूरे एक माह तक श्रद्धा और उत्साह के साथ चलेगा।
मेले का भव्य शुभारम्भ 19 मार्च, गुरुवार को रात्रि 7:30 बजे क्षेत्रीय विधायक श्रीमती आशा मौर्य के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेले में श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना के साथ-साथ खरीदारी, झूले और विविध मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था रहेगी।
मेले के दौरान 19 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 7 बजे माँ संकटा देवी की महाआरती सम्पन्न होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
मेले में विभिन्न तिथियों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से शुरू होंगे—
19 मार्च (गुरुवार): उद्घाटन, ध्वज पूजन एवं भाव नृत्य प्रतियोगिता सेमीफाइनल
27 मार्च (शुक्रवार): रामनवमी उत्सव
28 मार्च (शनिवार): कवि सम्मेलन
29 मार्च (रविवार): टैलेंट शो
30 मार्च (सोमवार): गजानन पार्टी द्वारा झांकियों की प्रस्तुति
31 मार्च (मंगलवार): बाल कवि सम्मेलन
1 अप्रैल (बुधवार): भाव नृत्य प्रतियोगिता फाइनल
2 अप्रैल (गुरुवार): आल्हा गायन, पुरस्कार वितरण एवं आतिशबाजी
मेला समिति के अध्यक्ष रमेश बाजपेयी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित मेले में पहुंचकर माँ के दर्शन करें और आयोजित कार्यक्रमों का आनंद लें।