
पेड़ कटान के विरोध में उतरे ग्रामीण,ग्रीन कवच बनाकर कटते पेड़ों को बचाया
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कलापुर गांव में रिजर्व जंगल, कब्रिस्तान व अन्य स्थानों पर लगे हरे-भरे पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पेड़ों को बचाने के लिए अब लोग खुलकर सामने आ रहे हैं और पर्यावरण सेना के हरित मुहिम से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम तेज कर दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कलापुर स्थित रिजर्व जंगल में वन माफिया लगातार गूलर,शीशम,महुआ और सागौन जैसे हरे पेड़ों की कटाई कर रहे हैं, जिससे वन्य जीवों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इतना ही नहीं, गर्मी के मौसम में जंगल में आग लगाने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ग्रामीणों द्वारा कई बार वन विभाग को सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि विभाग महज औपचारिकता निभाकर इस ओर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे जंगल लगातार उजड़ता जा रहा है।
मंगलवार को गांव में ठेकेदारों द्वारा हरे पेड़ काटे जाने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पेड़ों के चारों ओर मानव घेरा बनाकर कटान रोक दिया। वहीं, गांव के कब्रिस्तान में तीन दिन पूर्व काटे गए पेड़ों की शिकायत भी ग्रामीणों ने थाना दिवस और वन विभाग से की है।
पर्यावरण सेना के अध्यक्ष अजय क्रांतिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ व जिलाधिकारी से मिलकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया है। इस दौरान ग्राम प्रधान जितेंद्र कुमार सरोज, दिलीप सिंह, अमन सिंह, विक्रम सिंह, आकाश सिंह, सुरेश पाल, आदित्य सिंह, अमित सिंह, सत्य सिंह और राहुल सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।