
लखीमपुर खीरी में ऐतिहासिक जगन्नाथ रथ यात्रा, आस्था और उत्साह से सराबोर रहा शहर
नैमिष टुडे/दीपक श्रीवास्तव
जनपद लखीमपुर खीरी में मंगलवार को ऐतिहासिक जगन्नाथ रथ यात्रा पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
यह भव्य यात्रा नगर के प्राचीन भूपूर्वानाथ मंदिर से शुरू होकर मेला मैदान, संकटा देवी मंदिर होते हुए नगर के मुख्य मार्गों से गुजरकर विलोबी मैदान तक पहुंची। यात्रा के मार्ग में पूरा शहर भक्ति में डूबा नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के रथ का स्वागत किया और जयकारों से वातावरण गूंजायमान रहा।
रथ यात्रा में भजन मंडलियों के भजन, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। पारंपरिक पोशाकों में सजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग मिलकर भगवान के रथ को खींचते नजर आए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह पुलिस बल, नगर पालिका के कर्मचारी और स्वयंसेवक तैनात किए गए थे ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। नगरवासियों ने भी जगह-जगह प्याऊ, शीतल पेय और भंडारों की व्यवस्था कर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ऐतिहासिक यात्रा नगर की सांस्कृतिक धरोहर है, जो समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देती है।
यात्रा सकुशल सम्पन्न होने पर श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने जिला प्रशासन और आयोजन समिति का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।