सड़क पर गंदे जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण परेशान
अहिरोरी हरदोई_ब्लाक के हरदोई सीतापुर मुख्य सड़क मार्ग के शुक्लापुर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से बदौली होकर गोमती नदी तक जाने वाली सड़क में गंदे जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। गंदे पानी से उठती बदबू ने यहां लोगों का रहना दूभर कर दिया है। गंदे जलभराव और कीचड़ से आने जाने वाले लोगों को दूसरे रास्तों से होकर निकलने को मजबूर होना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो यहां रहने वाले लोग भी अपने ही घरों में कैद होकर रह जाते हैं। ऐसा नहीं है कि यहां के लोगों ने इस मामले को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाया नहीं हो, लेकिन किसी भी अधिकारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके कारण ग्रामीण यहां नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने इस मामले को ग्राम सभा में जोर-शोर से उठाया था। पर वर्तमान प्रधान मनीष कुमार पाल द्वारा कुछ ना हो सका। बताते चलें कि उक्त सड़क शुक्लापुर मुख्य सड़क मार्ग से गोमती नदी तक जाने वाले इस मार्ग से, गिरधारी पुरवा,महीन कुंड, बृजलाल पुरवा, भौता,सेमरौली के अलावा अन्य कई गांवों की लिंक सड़कें भी जुड़ी हुई हैं,जिससे दैनिक राहगीरों का आवागमन होता है। बदौली गांव के जर्जर पड़े इस मुख्य रास्ते में कीचड़ और गंदा पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों ने दूसरे रास्तों से आना जाना शुरू कर दिया है।यहां से रोजना सैकडों यात्री आस-पास के गावों को निकलते हैं, लेकिन यहां व्याप्त गंदगी और कीचड को देखकर लोग हताहत हैं।रास्ते में बीच सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण महिला, बुजुर्ग और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन समस्या जस की तस है।