
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुधवार से सूर्य की तपिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। गर्मी के साथ उमस भी लोगों की परेशानियां बढ़ा रही हैं। अब शुक्रवार से राजधानी लू की चपेट में आ सकती है। लू का यह प्रकोप रविवार तक जारी रहेगा। सोमवार से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से राजधानी के तापमान फिर से कुछ कम होंगे। हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी जारी है। उधर, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश आदि कई राज्य हैं, जहां पर चक्रवाती तूफान असानी की वजह से तेज बारिश होगी। स्काईमेट वेदर के मुताबिक गुरुवार को गुजरात व राजस्थान के कई हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज आसमान साफ रहेगा। धूप काफी तेज रहेगी। अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रह सकते हैं। इसके बाद 13 से 15 मई तक लू का प्रकोप रहेगा। इस दौरान तापमान 44 डिग्री के आसपास रह सकते हैं। इसके बाद 16 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर राजधानी पर पड़ेगा। इसकी वजह से बादल छाएंगे। तापमान करीब 1 से दो डिग्री तक कम हो सकते हैं। 17 मई तक तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।