
आईसीएआई वाराणसी शाखा ने रेरा अधिनियम और ब्याज सब्सिडी योजनाओं पर आयोजित किया सेमिनार
रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और घर खरीदारों के अधिकारों पर विशेषज्ञों ने दी विस्तृत जानकारी
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी :- दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई),नई दिल्ली द्वारा आयोजित एवं आईसीएआई की वाराणसी शाखा के तत्वावधान में मलदहिया स्थित होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में रियल एस्टेट (रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट) अधिनियम,2016 (रेरा) एवं ब्याज सब्सिडी योजनाओं पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया | सेमिनार में रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े कानूनी प्रावधानों,नियामक व्यवस्था, आवश्यक अनुपालन,ऑडिट एवं सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी |
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईसीएआई की कमर्शियल लॉ एंड इकोनॉमिक एडवाइजरी कमेटी के वाइस चेयरमैन सीए पुरुषोत्तम लाल खंडेलवाल रहे | कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी शाखा के अध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा ने किया | कार्यक्रम का संचालन सीए सोनिया अग्रवाल एवं सीए मोहम्मद शान अनवर ने किया वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए रविंदर कुमार एवं सीए अमित कपूर ने की | सेमिनार के प्रथम सत्र में वक्ता सीए योगेश कुमार गोयल ने रेरा अधिनियम 2016 के अंतर्गत नियामक ढांचे, आवश्यक अनुपालन एवं वर्तमान में उभर रहे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला | उन्होंने बताया कि रेरा का प्रमुख उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं अनुशासन सुनिश्चित करना तथा घर खरीदारों के हितों की रक्षा करना है | उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं बिहार में रेरा के अंतर्गत परियोजनाओं के पंजीकरण, निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने, प्रमोटर्स एवं एजेंटों की वैधानिक जिम्मेदारियों तथा आवंटियों के अधिकारों की जानकारी दी | साथ ही किन परियोजनाओं के लिए रेरा पंजीकरण अनिवार्य है पंजीकरण नियमों का पालन नहीं करने पर क्या दंडात्मक प्रावधान हैं तथा परियोजनाओं के वित्तीय ऑडिट और चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा जारी किए जाने वाले वार्षिक प्रमाणपत्रों की भूमिका को भी विस्तार से समझाया |
द्वितीय सत्र में सीए राजीव गुप्ता ने ब्याज सब्सिडी योजनाओं (इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम) पर अपना व्याख्यान दिया | उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मैन्युफैक्चरिंग एवं सर्विस सेक्टर के साथ -साथ नवाचार,नए व्यवसायों को प्रोत्साहन देने तथा मौजूदा व्यवसायों के उन्नयन के लिए भी विभिन्न प्रकार की सब्सिडी योजनाएं संचालित की जा रही हैं | उन्होंने इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया,उनसे जुड़े वित्तीय एवं कानूनी पहलुओं,आवश्यक दस्तावेजों, पारदर्शिता तथा अनुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं |
सेमिनार में उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की | कार्यक्रम के अंत में शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय एवं सीए नमन कपूर ने मुख्य अतिथि,सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया |
इस अवसर पर शाखा उपाध्यक्ष सीए विकास द्विवेदी,पूर्व अध्यक्ष सीए नीरज कुमार सिंह,कार्यकारिणी सदस्य सीए श्रीप्रकाश पांडेय सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट उपस्थित रहे ||