
सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस रिसाव के चलते बंगले में लगी आग, नकदी और अंकपत्र जलकर खाक
मिश्रित सीतापुर । मिश्रित कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासिनी रेखा पत्नी राधेश्याम ने प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर गैस रिसाव के कारण आग लगने की घटना की जांच कराने की मांग की है।पीड़िता रेखा के अनुसार, ग्राम इमलिया स्थित उनकी कृषि भूमि पर रहने के लिए एक बंगला बना हुआ है। बीते 24 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे उनकी बहू बंगले में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस का रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई। आग लगने से बंगले के अंदर रखा घरेलू सामान, नकदी और उनके बेटे के अंकपत्र जलकर राख हो गए।गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट होने के कारण परिवार को नुकसान उठाना पड़ा।पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्यवाही किए जाने की मांग की है।