
बरियावन बाजार में मकान-दुकान ढहाने के 14 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट, पुलिस ने कसा शिकंजा
नैमिष टुडे ब्यूरो
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन बाजार में जमीन पर कब्जे के इरादे से मकान और दुकानें ढहाने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस ने मामले में गिरफ्तार सभी 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोप है कि बीते 20 सितंबर की रात तीन जेसीबी मशीनों की मदद से करीब आधा दर्जन मकान और दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। इस घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा और दहशत का माहौल बना था।
पुलिस के अनुसार, जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से करीब 50 से 60 लोग बरियावन बाजार पहुंचे थे। आरोप है कि इसके बाद तीन जेसीबी मशीनों से मकान और दुकानों को गिरा दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई तीनों जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया था। अब तक इस मामले में नामजद सभी 14 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में ये नाम शामिल
गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जद में आए आरोपियों में इंद्रजीत वर्मा, राहुल चौधरी, विशाल वर्मा, साजिद, बृजेश कुमार उर्फ बंटी वर्मा, कृपा राम वर्मा, संजय वर्मा, दिलीप कुमार उर्फ गोलू, सिकंदर यादव, राजीव वर्मा उर्फ लाठीराम, विनय वर्मा, अमित कुमार, युवराज और अमित वर्मा उर्फ सचिन शामिल हैं।
गैंगस्टर एक्ट से बढ़ेंगी आरोपियों की मुश्किलें
मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होने के बाद आरोपियों की कानूनी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। जमीन कब्जाने के कथित प्रयास और मकान-दुकानों को ध्वस्त किए जाने की इस घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर अब सबकी नजरें टिकी हैं। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय की प्रक्रिया के तहत ही होगा।