
बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बहने से युवक की मौत, परिवार में कोहराम
नैमिष टुडे /संवाददाता /गोंदलामऊ सीतापुर
संदना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुर्सी स्थित मंझारी चौराहे के आगे नारायणपुर गांव में गोमती नदी की बाढ़ का पानी सड़क पर घुटने तक बह रहा है। बुधवार दोपहर को पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नारायणपुर मजरा कुर्सी, थाना संदना, निवासी मोहित कुमार 22 वर्ष पुत्र मुनायी कुमार राजपूत सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वह गोमती नदी के बाढ़ के पानी के तेज थपेड़ों को संभाल नहीं सका और सड़क किनारे गहरे तालाब में डूब गया।
आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में युवक को तालाब से बाहर निकाला और इलाज के लिए हिंद हॉस्पिटल, अटरिया ले गए। जहां दोपहर करीब 3 बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद मोहित कुमार को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय सीतापुर भेज दिया है।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी सिधौली को आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचित कर दिया गया है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।