मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों की बाइक से टकराई दूसरी बाइक, युवक की मौत

मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों की बाइक से टकराई दूसरी बाइक, युवक की मौत

अम्बेडकरनगर में ग्रामीणों ने चार आरोपियों को दबोचा, तमंचा बरामद; पुलिस ने शुरू की पूछताछ

नैमिष टुडे ब्यूरो /अम्बेडकरनगर
आलापुर थाना क्षेत्र के बरमसापुर गांव में सोमवार दोपहर मोबाइल लूटकर भाग रहे चार बदमाशों की बाइक हादसे का शिकार हो गई। डगडगवा चौराहे के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, बरमसापुर निवासी सलिल कुमार सोमवार दोपहर अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और तमंचा दिखाकर उनका मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से भागने लगे।

मोबाइल लूटे जाने के बाद सलिल के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण सक्रिय हो गए और आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। ग्रामीणों से घिरता देख आरोपी तेज रफ्तार में भागने लगे। इसी दौरान डगडगवा चौराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी।

हादसे में बाइक सवार युवक की मौत

टक्कर में दूसरी बाइक पर सवार महेंद्र पुत्र राममिलन निवासी शनिचरा, थाना धनघटा, संतकबीरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़ा

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा बरामद किया है। थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल लूट और सड़क हादसे के संबंध में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें