
नाले की ऊंची दीवार न होने से स्कूल परिसर में भर रहा गंदा पानी
महर्षि दधीचि इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पालिका अध्यक्ष को दिया शिकायती पत्र, कार्यवाही की मांग
मिश्रित, सीतापुर। कस्बा मिश्रित स्थित महर्षि दधीचि इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने नगर पालिका परिषद मिश्रित नैमिषारण्य की अध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर विद्यालय के दक्षिणी तरफ बनाए गए नाले की समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है। प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया है कि नाले के पश्चिमी तरफ सुरक्षा दीवार पर्याप्त ऊंची न होने के कारण नाले का गंदा पानी आए दिन विद्यालय परिसर में भर जाता है।
शिकायती पत्र में बताया गया है कि जलभराव के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी से होकर निकलने के कारण विद्यार्थियों को असुविधा के साथ ही संक्रमण और बीमारी का खतरा भी बना रहता है।
प्रधानाचार्य का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद नाले की दीवार को ऊंचा अथवा दुरुस्त नहीं कराया गया है। बरसात के दिनों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है तथा नाले का पानी विद्यालय परिसर में पहुंचने से आवागमन प्रभावित होता है।
विद्यालय प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर नाले की पश्चिमी तरफ की दीवार को मानक के अनुरूप ऊंचा कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराए जाने की मांग की है, ताकि विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी से निजात मिल सके।