
कैंसर पीड़ित परिवार के ढहे आशियाने पर मदद को बढ़े हाथ
भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन के प्रयास से खाते में पहुंची 1.20 लाख रुपये की आपदा राहत राशि
कुंडा/प्रतापगढ़। रायगढ़ ग्रामसभा के कुटिलिया गांव निवासी कैंसर पीड़ित लालता प्रसाद पांडेय का जर्जर कच्चा मकान बारिश में ढहने की खबर प्रकाशित होने के बाद भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन ने परिवार की मदद के लिए पहल की। उन्होंने पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराई और शासन से तत्काल सहायता दिलाने का भरोसा दिया।लालता प्रसाद पांडेय पुत्र स्व. रामचंद्र पांडेय कैंसर से पीड़ित हैं। वह अपनी पत्नी मनोरमा और बेटी सौम्या के साथ जर्जर कच्चे मकान में रह रहे थे। तेज बारिश के दौरान मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। आशियाना ढहने के बाद परिवार के सामने रहने और भोजन का संकट खड़ा हो गया। मजबूरी में परिवार को घर के सामने पन्नी तानकर गुजर-बसर करना पड़ा।परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर अभय प्रताप सिंह पप्पन मौके पर पहुंचे और राहत सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए अस्थायी टिन शेड बनवाने तथा लालता प्रसाद की बेटी सौम्या को अपने संस्थान में निःशुल्क शिक्षा दिलाने का भरोसा दिया। इसके साथ ही शासन से आपदा राहत राशि दिलाने के लिए अधिकारियों से संपर्क किया।
खाते में पहुंची 1.20 लाख रुपये की राहत राशि
अभय प्रताप सिंह पप्पन के प्रयास से बुधवार को शासन की ओर से आपदा राहत कोष से 1.20 लाख रुपये की धनराशि पीड़ित परिवार के खाते में भेज दी गई। राहत राशि मिलने से मकान ढहने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को बड़ी राहत मिली है।अभय प्रताप सिंह पप्पन ने राहत राशि अविलंब दिलाने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और उपजिलाधिकारी कुंडा अजय यादव के प्रति आभार जताया।संकट की घड़ी में आर्थिक सहायता मिलने पर पीड़ित लालता प्रसाद पांडेय और उनके परिवार ने अभय प्रताप सिंह पप्पन के प्रति आभार व्यक्त किया।