
रायगढ़ डाकघर तीन दिन से बंद, ग्रामीण परेशान
पैसा जमा करने पहुंच रहे लोग, जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल
कुंडा/प्रतापगढ़। विकासखंड बाबागंज के अंतर्गत रायगढ़ क्षेत्र का डाकघर लगातार तीन दिनों से बंद रहने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपना पैसा जमा करने के लिए लगातार डाकघर पहुंच रहे हैं, लेकिन कार्यालय बंद मिलने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक, डाकघर के लगातार बंद रहने से जरूरी डाक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि अधिकारी और कर्मचारी मामले पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों ने संबंधित डाक विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर डाकघर की नियमित सेवाएं तत्काल शुरू कराने की मांग की है।