
शिक्षक दिवस पर जिले के 45 शिक्षकों का सम्मान
गोंदलामऊ के दिव्य प्रकाश भारती और शुभी सरन भी सम्मानित
नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर
संदना सीतापुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के 45 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। गोंदलामऊ विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय दहिलरा के शिक्षक दिव्य प्रकाश भारती और प्राथमिक विद्यालय नटवलग्रांट की शिक्षिका शुभी सरन को भी बेहतर शैक्षिक कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, नगर विकास मंत्री राकेश राठौर, एमएलसी पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, बीएसए गोरखनाथ पटेल, नगरपालिका चेयरमैन नेहा अवस्थी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार और विभिन्न गतिविधियों में बेहतर योगदान के लिए शिक्षकों का चयन किया गया था। गोंदलामऊ के दोनों शिक्षकों के सम्मानित होने पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
सम्मानित शिक्षक दिव्य प्रकाश भारती ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सही दिशा देना उनका मुख्य उद्देश्य है। बच्चों की सफलता ही शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी पूरी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।