
जन्माष्टमी को लेकर मनगढ़ में पुलिस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
भीड़ प्रबंधन, यातायात और पार्किंग को लेकर अधिकारियों ने दिए दिशा-निर्देश
कुंडा/प्रतापगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय ने अधिकारियों के साथ जगद्गुरु कृपालु परिसर (भक्ति धाम), मनगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।इस दौरान क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस, क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी एवं क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप मौजूद रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी बैरियरिंग और डायवर्जन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि जन्माष्टमी पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।