
चार लोगों को जहरीले जंतु ने काटा
कुंडा प्रतापगढ़। बरसात के चलते बिलों से निकलकर घरों में बसेरा बना रहे सांप और अन्य जहरीले जंतु आम आदमी के लिए खतरा बने हैं। चार लोगों को जहरीले जंतु ने काटा तो एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ठकुराइन का पुरवा गांव निवासी दशरथ लाल की 38 वर्षीय पत्नी चमेली देवी को बुधवार सुबह करीब 6 बजे घर में काम करने के दौरान जहरीले जंतु ने काट लिया। बाघराय थाना क्षेत्र के सिया गांव निवासी राजपाल के 14 वर्षीय बेटे विपिन कुमार को बुधवार को भोर में करीब 5 बजे घर में जहरीले जंतु ने काट लिया।कोतवाली के जमेठी गांव निवासी वीरेन्द्र के 12 वर्षीय बेटी सुनाका को मंगलवार शाम करीब 4 बजे किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। महेशगंज थाना क्षेत्र के शिवगढ़ मछेहा हरदो पट्टी गांव निवासी नत्थूराम की 55 वर्षीय पत्नी शिवकली को मंगलवार करीब एक बजे काम करने के दौरान जहरीले जंतु ने काट लिया। परिजनों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद भी सुनाका की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे स्वरुप रानी अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया।