घर में भरा पानी, गर्भवती पत्नी और बेटी के साथ मुसीबत में परिवार

घर में भरा पानी, गर्भवती पत्नी और बेटी के साथ मुसीबत में परिवार

आने-जाने का रास्ता बंद, गृहस्थी का सामान पानी में भीगा, टिन के सहारे गुजर-बसर, सांपों का भी खतरा

कुंडा/प्रतापगढ़। विधानसभा बाबागंज क्षेत्र के ग्रामसभा झींगुर गोपालापुर गांव निवासी विपिन गौतम पुत्र पुरई राम का परिवार लगातार बारिश के चलते गंभीर संकट से जूझ रहा है। गरीब परिवार पहले से ही टिन डालकर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है। पिछले दो दिनों से घर में पानी भरा होने के कारण परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

बताया गया कि घर चारों ओर से पानी से घिर गया है और बाहर आने-जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। जलभराव के कारण गृहस्थी का अधिकांश सामान पानी में भीग गया है। परिवार में विपिन गौतम की गर्भवती पत्नी और एक बेटी है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।

परिवार के मुताबिक, घर में पानी भरा होने से सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है। पीड़ित का कहना है कि पहले भी सांप उनकी बेटी पर हमला करने की कोशिश कर चुका है। ऐसे में गर्भवती महिला और बच्ची की सुरक्षा को लेकर परिवार भयभीत है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि ग्राम सभा की ओर से अब तक कोई सहायता नहीं मिल सकी है। परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।

विपिन गौतम ने कहा कि यदि तत्काल आर्थिक सहायता संभव नहीं है तो कम से कम घर से बाहर निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जलभराव की स्थिति सामान्य होने तक परिवार को किसी सुरक्षित स्थान पर ठहराने की व्यवस्था की जाए।

टिन के सहारे जीवन गुजार रहा गरीब परिवार अब बारिश और जलभराव के बीच प्रशासन की मदद का इंतजार कर रहा है। परिवार ने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सहायता की गुहार लगाई है।

 

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें