
रामनगर में सवर्ण सम्मान यात्रा निकाली गई, राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन
रामनगर (बाराबंकी), नैमिष टुडे
बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील में गुरुवार को सवर्ण समाज द्वारा सवर्ण सम्मान यात्रा निकालकर यूजीसी कानून, आर्थिक आधार पर आरक्षण तथा एससी/एसटी (हरिजन) एक्ट में संशोधन की मांग उठाई गई। यात्रा के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी रामनगर को सौंपा गया।
यात्रा सुबह करीब 11 बजे रामनगर डाक बंगले से शुरू होकर नगर के प्रमुख चौराहों से होती हुई तहसील परिसर पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और केंद्र सरकार से इन कानूनों पर पुनर्विचार करने की मांग की।
आयोजकों के अनुसार ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं— यूजीसी कानून वापस लिया जाए, आरक्षण आर्थिक आधार पर दिया जाए तथा एससी/एसटी एक्ट में संशोधन किया जाए।
सवर्ण सम्मान यात्रा का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख सूरतगंज ज्ञानू सिंह और अमित सिंह ने किया। आयोजकों का दावा है कि यात्रा में बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोगों के साथ अन्य समाज के लोग भी शामिल हुए। वहीं फतेहपुर तहसील से भी कई लोग रामनगर पहुंचकर यात्रा में शामिल हुए।