संतकबीरनगर को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात,छ एकड़ में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का ब्लूमिंग बड्स स्कूल

संतकबीरनगर को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात,छ एकड़ में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का ब्लूमिंग बड्स स्कूल

आधुनिक शिक्षा, संस्कार और रोजगार का केंद्र बनेगा नया परिसर, लगभग 500 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार

नई शाखा बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को देगी नया विस्तार* — *प्रबंध निदेशिका श्रीमती पुष्पा चतुर्वेदी

अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, खेल प्रतिभा और कौशल विकास पर रहेगा विशेष फोकस* — *डीसी पाण्डेय, एकेडमी मैनेजर

संतकबीरनगर। जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी और महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। प्रभा देवी शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ब्लूमिंग बड्स स्कूल की नई एवं अत्याधुनिक शाखा का निर्माण इंडस्ट्रियल एरिया, खलीलाबाद में छ एकड़ भूमि पर किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस भव्य शैक्षणिक परिसर के निर्माण से जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का नया अध्याय शुरू होगा। साथ ही लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच विद्यालय की प्रबंध निदेशिका श्रीमती पुष्पा चतुर्वेदी, चेयरमैन विनय कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विद्वतजनों की उपस्थिति में भूमि पूजन कर विद्यालय के नवीन परिसर की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अरविंद पाठक, एकेडमी मैनेजर डीसी पाण्डेय, कोऑर्डिनेटर विजय कुमार राय, रवि प्रताप सिंह, राजेश कुमार पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय के चेयरमैन विनय कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आज का दिन प्रभा देवी शिक्षण संस्थान परिवार के लिए अत्यंत ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। संस्थान का उद्देश्य केवल एक भव्य इमारत का निर्माण करना नहीं, बल्कि संतकबीरनगर को शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि छ एकड़ में विकसित होने वाला यह आधुनिक परिसर केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं होगा, बल्कि संस्कार, आधुनिक शिक्षा, खेल प्रतिभा और कौशल विकास का एक सशक्त केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य है कि जनपद के बच्चों को उच्चस्तरीय एवं आधुनिक शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। नए परिसर में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट क्लासरूम, उन्नत विज्ञान प्रयोगशालाएं, स्पोर्ट्स एकेडमी तथा स्किल डेवलपमेंट की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यह विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने जनपदवासियों के विश्वास और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय की प्रबंध निदेशिका श्रीमती पुष्पा चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी सेवा है। ब्लूमिंग बड्स स्कूल सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समर्पित रहा है। नई शाखा का निर्माण संस्थान की इसी दूरदर्शी सोच और संकल्प का विस्तार है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कारों के समन्वय से तैयार होने वाला यह शैक्षणिक परिसर आने वाले समय में संतकबीरनगर ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के शिक्षा जगत में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।
एकेडमी मैनेजर डीसी पाण्डेय ने कहा कि प्रस्तावित नया परिसर आधुनिक शिक्षा की आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, खेल प्रतिभा और व्यावहारिक कौशल को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ब्लूमिंग बड्स स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें। नए परिसर में अत्याधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के साथ सुरक्षित, अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने की योजना है। यह संस्थान जनपद के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके सपनों को साकार करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
भूमि पूजन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी, उपप्रधानाचार्य अनुप विश्वकर्मा, आमरीन मैडम, विवेकानंद शुक्ला, पारुल गुप्ता, रितेश त्रिपाठी, डॉ. नागेंद्र सिंह, जे.पी. चौधरी, विजया त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नए परिसर के भूमि पूजन के साथ ही ब्लूमिंग बड्स स्कूल ने संतकबीरनगर में आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और महत्वपूर्ण पहल की है। छ एकड़ में आकार लेने वाला यह भव्य शैक्षणिक परिसर आने वाले समय में जनपद के शैक्षणिक विकास को नई दिशा और नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें