लालगंज में एक्सपायरी इंजेक्शन के मामले के बाद डीएम अभिषेक पांडेय का स्वास्थ्य केंद्र पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी

लालगंज में एक्सपायरी इंजेक्शन के मामले के बाद डीएम अभिषेक पांडेय का स्वास्थ्य केंद्र पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी

प्रतापगढ़। लालगंज में एसडीएम की बेटी को एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाए जाने के मामले के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासन की निगरानी तेज होती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने आज शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुखपाल नगर का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने दवा ले रहे मरीजों से विशेष रूप से पूछा कि क्या उन्हें अस्पताल से बाहर की दवाएं खरीदने के लिए लिखा जा रहा है। मरीजों ने जिलाधिकारी को बताया कि उन्हें बाहर से दवाएं नहीं लिखी जा रही हैं।

डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी जानी। इसी दौरान चिकित्सक डॉ. शिवानी निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

लालगंज में सामने आए एक्सपायरी इंजेक्शन प्रकरण के बीच जिलाधिकारी का यह औचक निरीक्षण स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है।

अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर संबंधित विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें