
डीएम ने एमडीपीजी कालेज व जीआईसी में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेन्टर का किया निरीक्ष
डीएम ने कोचिंग में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली,
डीएम ने कालाकांकर में कवि सुमित्रानंदन पंत की कुटिया व क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान कालाकांकर प्रशिक्षण केन्द्र का लिया जायजा
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने गुरुवार को एमडीपीजी कॉलेज एवं जीआईसी कॉलेज प्रतापगढ़ में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोचिंग में अध्ययनरत अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
एमडीपीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दो कक्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। निरीक्षण में एक कक्ष में डिजिटल बोर्ड तथा दोनों कक्षों में एसी की व्यवस्था उपलब्ध नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की सुविधा एवं बेहतर अध्ययन के लिए कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड, एसी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित कराई जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जीआईसी कॉलेज में संचालित अभ्युदय कोचिंग का निरीक्षण किया। यहां अभ्यर्थियों के लिए पेयजल की सुविधा हेतु वाटर कूलर उपलब्ध नहीं था। इस पर उन्होंने वाटर कूलर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही कक्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थियों को दूसरे हाल में शिफ्ट करने तथा विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था कराने को कहा। कोचिंग सेंटर तक आने-जाने वाला रास्ता भी ठीक स्थिति में नहीं पाया गया। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रास्ते का एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कोचिंग केंद्र तक सुगम आवागमन के लिए रास्ते का निर्माण कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी योजना का लाभ उठा सकें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोचिंग में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी तैयारियों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित प्रश्न भी पूछे तथा विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग केंद्रों में यूपीएससी, यूपीपीसीएस, एसएससी, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। जिलाधिकारी ने कोचिंग केंद्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य भी उपस्थित रहे।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कालाकांकर स्थित प्रसिद्ध कवि सुमित्रानंदन पंत की कुटिया का निरीक्षण किया। कुटिया परिसर में वर्ष 2023-24 में मनरेगा योजनान्तर्गत निर्मित सीढ़ी एवं मनरेगा पार्क का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने इसके सौन्दर्यीकरण, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने इसके बाद क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान कालाकांकर प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।