
पुरैनी पुलिया के पास जानलेवा गड्ढा, जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां (सीतापुर)। बिसवां क्षेत्र में पुरैनी पुलिया के पास सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। लंबे समय से सड़क किनारे मौजूद इस गड्ढे की वजह से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक गड्ढे को भरने अथवा सुरक्षा के इंतजाम करने की ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर गुजरते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी इसी रास्ते से बड़ी संख्या में कांवड़िए आवागमन करते हैं। रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था न होने और सड़क किनारे बने गड्ढे के कारण हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर गड्ढे को भरवाने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है।
लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहे हैं? शासन-प्रशासन की ओर से सड़कों की मरम्मत और जनसुरक्षा को लेकर लगातार निर्देश दिए जाते हैं, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर लापरवाही क्यों बरती जा रही है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर गड्ढे को भरवाए और सड़क किनारे सुरक्षा के इंतजाम कराए, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।