चौदह दिन से अधिक विलंबित गन्ना भुगतान पर 15% ब्याज देने की मांग

चौदह दिन से अधिक विलंबित गन्ना भुगतान पर 15% ब्याज देने की मांग

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने सौंपा ज्ञापन

नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा

*बिसवां*। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने गन्ना समिति बिसवां के सचिव को पत्र देकर चौदह दिन से अधिक विलंबित गन्ना मूल्य भुगतान पर किसानों को देय ब्याज की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

संगठन के जिलाध्यक्ष राम आधार वर्मा की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि जनपद के किसान अपना गन्ना सरकारी व्यवस्था के तहत गन्ना समितियों के माध्यम से चीनी मिलों को आपूर्ति करते हैं। आरोप है कि कई किसानों को नियमानुसार निर्धारित समय के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया गया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि 16 जुलाई 2026 को उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार वर्ष 1996-97 से 2025-26 तक के सभी पेराई सत्रों में चौदह दिन से अधिक विलंब से किए गए गन्ना मूल्य भुगतान पर 15 प्रतिशत की दर से ब्याज दिए जाने का आदेश है।

संगठन ने बताया कि 20 अगस्त को जनपद के किसान अपने-अपने गन्ना समिति क्षेत्र के बकाया भुगतान पर मिलने वाले ब्याज का वर्षवार विवरण प्राप्त करने के लिए जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। संगठन ने सभी गन्ना समितियों के सचिवों और जिला गन्ना अधिकारी से प्रत्येक किसान को विलंबित गन्ना मूल्य भुगतान के ब्याज का पूरा विवरण उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसानों को यह स्पष्ट हो सके कि उन्हें कितनी ब्याज राशि मिलनी है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को ब्याज का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया तो किसान शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। मामले को लेकर किसानों में भी भुगतान और ब्याज की जानकारी को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें