
चोरी का मोनोब्लॉक ले जाते एक आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद
कुंडा/प्रतापगढ़। बाघराय थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का मोनोब्लॉक और घटना में प्रयुक्त TVS मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को बाघराय थाना क्षेत्र के लाल साहब का पुरवा भाव गांव में बकुलाही नदी किनारे सिंचाई के लिए लगाया गया मोनोब्लॉक तीन युवक चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वादी के पारिवारिक भतीजे की नजर उन पर पड़ गई। शोर मचाकर पीछा करने पर एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बाघराय श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम गौतम पुत्र ज्ञान बाबू, निवासी कोडरासाल, थाना बाघराय, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक किर्लोस्कर कंपनी का मोनोब्लॉक बरामद किया। घटना में प्रयुक्त सफेद-नीले रंग की TVS मोटरसाइकिल को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों मोहित गौतम पुत्र कमलेश और राजाबाबू पुत्र राजू यादव, निवासी कोडरासाल, के साथ चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 18 जुलाई की रात पंडितों के खेत से 2 एचपी की किर्लोस्कर मोटर चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, उक्त मोटर को राजाबाबू ने बेच दिया था और करीब 1,500 रुपये की रकम तीनों ने आपस में बांट ली थी।पुलिस ने मामले में प्राप्त तहरीर एवं बरामदगी के आधार पर थाना बाघराय में मु0अ0सं0 214/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों मोहित गौतम और राजाबाबू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।