स्वतंत्रता दिवस पर आईबीपी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन महिला विंग ने मनाया स्थापना दिवस

स्वतंत्रता दिवस पर आईबीपी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन महिला विंग ने मनाया स्थापना दिवस

समाजसेवियों एवं अतिथियों का सम्मान, नारी शक्ति और देशभक्ति का दिया संदेश

महमूदाबाद, सीतापुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आईबीपी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से देशभक्ति एवं नारी शक्ति को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की महिला विंग का स्थापना दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला विंग की ओर से ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुज कुमार जैन तथा विशिष्ट अतिथि सत्य नारायण पोरवाल रहे। इस अवसर पर श्री कृष्ण पोरवाल, अमित पोरवाल, आदित्य वर्मा, डॉ. राकेश बंसवार, इरफान मंसूरी सहित समाजसेवी एवं पत्रकार मौजूद रहे। सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं अतिथियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि अनुज कुमार जैन ने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। आजादी के आंदोलन में महिलाओं ने साहस और त्याग की मिसाल कायम की। रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक वीरांगनाओं ने अपने शौर्य से देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, सामाजिक सेवा, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। समाज के विकास के लिए महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला शक्ति एवं वीरांगनाओं के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में आईबीपी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन महिला विंग की राष्ट्रीय महासचिव अंजू सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लेखा गुप्ता, प्रदेश सचिव राखी शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अंजली मौर्या, जिला सचिव अंजना कौर सहित ममता पोरवाल, मीना पोरवाल, रीता, सरिता, कल्पना वर्मा एवं महिला विंग की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं और “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ हुआ।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें